सार
शुक्रवार को बंगाले के मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ संशोधन कानून के विरोध के दौरान हिंसा भड़क गई। इस घटना में तीन लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने इस प्रकरण में 110 लोगों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को हिंसा के दौरान पुलिस वैन सहित कई वाहनों में आग लगा दी गई। उधर ममता बनर्जी ने एलान किया है कि बंगाल में वक्फ कानून नहीं लागू होगा।
कोलकाता। वक्फ कानून के विरोध में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शनिवार को फिर हिंसा भड़क गई। हिंसक भीड़ ने पीट-पीटकर पिता-बेटे की हत्या कर दी। इनकी पहचान हरगोविंद दास (पिता) और चंदन दास (बेटे) के रूप में हई है। दोनों हिंदू देवी-देवताओं की मूर्तियां बनाते थे। वहीं, गोली लगने से एक अन्य घायल हो गया। हिंसा जिले के शमशेरगंज ब्लॉक के धुलियान में हुई।
कल यानी 11 अप्रैल को भी धुलियान में हिंसा भड़की थी। यहां एक व्यक्ति घायल हो गया था, जिसकी आज अस्पताल में मौत हो गई। लिहाजा मुर्शिदाबाद हिंसा में अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है। हिंसाग्रस्त इलाकों में इंटरनेट बंद कर दिया गया है।
ADG (लॉ एंड ऑर्डर) जावेद शमीम ने कोलकाता में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया- आज की घटना का ब्योरा अभी उपलब्ध नहीं है। पुलिस की ओर से गोली नहीं चली है, BSF की ओर से हो सकता है। ये शुरुआती जानकारी है। घायल खतरे से बाहर है। अब तक 118 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।